विधायक नीरज नैय्यर ने किया सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, बोले- हर गांव को मिलेगी सड़क सुविधा

चंबा, 29 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
विधायक नीरज नैय्यर ने सोमवार को ग्राम पंचायत बसौदन के अंतर्गत अपर भुईं तथा ग्राम पंचायत पिंजोह के अंतर्गत गागला नाला से कुपाहड़ी संपर्क सड़क मार्ग का विधिवत भूमिपूजन किया। यह दोनों सड़कें लगभग 1 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से निर्मित की जाएंगी।
विधायक ने बताया कि पिछड़ा क्षेत्र उप-योजना के तहत अपर भुईं के लिए लगभग 2 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण पर 43 लाख 75 हजार रुपये, जबकि गागला नाला से कुपाहड़ी तक 2.5 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग पर 72 लाख 23 हजार रुपये व्यय किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि विकास की वास्तविक परिभाषा तब पूरी होती है जब हर गांव बेहतर सड़क सुविधा से जुड़ता है। इस दौरान उन्होंने भूमि दान करने वाले ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “भूमिदान एक महादान है”, क्योंकि किसी भी गांव को सड़क से जोड़ने में स्थानीय लोगों का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण होता है।
नीरज नैय्यर ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-4 के तहत चंबा विधानसभा क्षेत्र के लिए सर्वाधिक परियोजनाएं केंद्र को भेजी गई हैं। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में चल रही प्रमुख विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जिला लघु सचिवालय के निर्माण पर 38 करोड़ रुपये, इंडोर स्टेडियम पर 11 करोड़ रुपये, हिलपोर्ट पर 13 करोड़ रुपये और ग्राम पंचायत हरीपुर, सरोल तथा राजपुरा में मल निकासी प्रणाली के लिए 20 करोड़ 22 लाख रुपये स्वीकृत करवाए गए हैं।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने रठियार नाले पर पुल निर्माण की मांग को स्वीकार करते हुए शीघ्र कार्य प्रारंभ करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी भारती नैय्यर सहित विभागीय अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।