आईटीआई में बालिकाओं को मिला आत्मविश्वास और सशक्तिकरण का संदेश
आज की बेटियां किसी से कम नहीं :- राजेश राय

चम्बा, 25 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
महिला एवं बाल विकास विभाग चम्बा की ओर से आईटीआई चम्बा में मिशन हब के तहत किशोरियों के लिए मासिक धर्म पर एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आईटीआई के प्रधानाचार्य विपिन ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सीडीपीओ मैहला राजेश राय ने कहा कि आज की बेटियां किसी से कम नहीं हैं और उनमें अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सशक्त बनाना है ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।

राजेश राय ने यह भी बताया कि अपराजिता मैं चम्बा की अभियान, जिला प्रशासन की एक सराहनीय पहल है जो बालिकाओं को समान अवसर प्रदान करने की दिशा में सतत कार्य कर रही है।
जिला मिशन समन्वयक मनोहर नाथ ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए सखी वन स्टॉप सेंटर में महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताया। उन्होंने किशोरियों से आग्रह किया कि वे मासिक धर्म से जुड़ी सही जानकारी समाज में फैलाएं।

अरुण चौहान ने किशोरियों को पोक्सो एक्ट, बाल अधिकारों और बाल विवाह के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। वहीं उमा देवी, जिला समन्वयक जागोरी संस्था, ने मासिक धर्म से जुड़ी सामाजिक कुरीतियों, स्वच्छता, सेनेटरी पैड के निष्पादन और संतुलित आहार के महत्व पर विस्तृत जानकारी साझा की।
अंत में प्रधानाचार्य विपिन ठाकुर ने महिला एवं बाल विकास विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में जागरूकता फैलाने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में 130 छात्राओं सहित आईटीआई के कर्मचारी उपस्थित रहे।
