एनएचपीसी लिमिटेड, चमेरा-II पावर स्टेशन ने चम्बा में स्वच्छ पेयजल के लिए उठाया ऐतिहासिक कदम

एनएचपीसी लिमिटेड, चमेरा-II पावर स्टेशन ने चम्बा में स्वच्छ पेयजल के लिए उठाया ऐतिहासिक कदम

चम्बा, 10 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

एनएचपीसी लिमिटेड, चमेरा-II पावर स्टेशन ने अपनी सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) नीति के अंतर्गत जिला चम्बा में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की है। इस परियोजना के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों और स्वास्थ्य संस्थानों में 350 आर.ओ. वॉटर प्यूरीफायर स्थापित किए गए हैं। इस कार्य पर ₹45,85,000/- की राशि व्यय की गई है।इस परियोजना का शुभारंभ आज पीएम श्री राजकीय आदर्श कन्या विद्यालय, चम्बा में आयोजित समारोह में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल (IAS) ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर एनएचपीसी लिमिटेड, चमेरा-II पावर स्टेशन के महाप्रबंधक पंकज कुमार सिंह, वरिष्ठ अधिकारी, विद्यालय स्टाफ और छात्राएँ उपस्थित रहीं।अपने प्रेरणादायक संबोधन में उपायुक्त श्री रेपसवाल ने कहा कि “स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल न केवल स्वास्थ्य का आधार है, बल्कि यह भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण निवेश है।” उन्होंने एनएचपीसी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना जिला प्रशासन के उस लक्ष्य को सशक्त करती है, जिसके तहत सभी विद्यालयों और स्वास्थ्य संस्थानों को स्वच्छ पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।

महाप्रबंधक पंकज कुमार सिंह ने कहा कि एनएचपीसी केवल ऊर्जा उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सतत विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि एनएचपीसी वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और कौशल विकास के क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने रंगोली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण को उत्सवमय बना दिया। समारोह में उपमहाप्रबंधक श्रीमती शुभ्रा शाह, श्री जनेश कुमार, श्री अमित बंसल, प्रधानाचार्य श्रीकला विज और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!