
राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में चंबा उपायुक्त ने दिए आवश्यक दिशा–निर्देश
चंबा, 13 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि जिले में राजस्व संबंधी लंबित मामलों के शीघ्र और पारदर्शी समाधान के लिए सभी अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने यह निर्देश मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए।
उन्होंने सभी उपमंडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदाओं से हुई क्षति का शीघ्र प्राक्कलन तैयार किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को समय रहते राहत और मुआवजा उपलब्ध करवाया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों का निपटारा प्राथमिकता से किया जाए तथा अतिक्रमण से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन 1100 पर प्राप्त राजस्व संबंधी शिकायतों का निपटारा निर्धारित समय सीमा में करने के निर्देश भी दिए। साथ ही, ऑडिट पैरा के अंतर्गत लंबित रिकवरी मामलों में गति लाने पर बल दिया।
बैठक में राजस्व विभाग से संबंधित निशानदेही, तकसीम, कब्जा नाजायज, इंतकाल, जमाबंदी नवीनीकरण, राजस्व भवनों के निर्माण व मरम्मत कार्य, राजस्व वसूली, पुस्तकालय निर्माण, पुराने विलेख प्रविष्टि तथा विभागीय रिकॉर्ड की स्कैनिंग प्रक्रिया की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने कहा कि उपमंडल स्तर पर नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से कार्यों की स्थिति का आकलन किया जाए ताकि जनता को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा, जिला राजस्व अधिकारी विक्रमजीत सिंह, सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल, एसडीएम चंबा प्रियांशु खाती, एसडीएम भटियात पारस अग्रवाल, जिला योजना अधिकारी जीवन कुमार सहित तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।