राज्य स्तरीय बाल दिवस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को विधायक जनक राज की शुभकामनाएं

शिमला, 13 नवम्बर, चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
बाल दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 16 नवम्बर 2025 तक शिमला में किया जा रहा है। इस आयोजन में चम्बा जिला के बाल-बालिका देखरेख संस्थान मैहला, साहो और चिल्ली चम्बा से कुल 60 बच्चे भाग लेने जा रहे हैं। इन बच्चों में जोश और उत्साह का माहौल है, जो अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
भरमौर–पांगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक राज ने इन सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह राज्य स्तरीय आयोजन न केवल बच्चों की प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करता है, बल्कि उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के लिए भी एक सशक्त मंच है।

विधायक ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों के बच्चों में असीम प्रतिभा छिपी है, जिसे सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वे प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश का भी गौरव बढ़ा सकते हैं। उन्होंने बाल संरक्षण विभाग और संबंधित संस्थानों द्वारा बच्चों के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।
जनक राज ने यह भी आशा व्यक्त की कि चम्बा जिले के बाल-बालिका देखरेख संस्थानों के सभी बच्चे प्रतियोगिता में अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर न केवल उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, बल्कि अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा भी बनेंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए समाज और सरकार को मिलकर कार्य करना होगा ताकि हर बच्चा अपने सपनों को साकार कर सके।