प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना-4 के तहत 554 करोड़ की परियोजनाओं को जल्द मिलेगी स्वीकृति :-सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज

प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना-4 के तहत 554 करोड़ की परियोजनाओं को जल्द मिलेगी स्वीकृति :-सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज

चंबा, 24 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज की अध्यक्षता में आज बचत भवन चंबा में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद ने केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के कार्यान्वयन और प्रगति की समीक्षा की तथा विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना-4 के अंतर्गत 65 बस्तियों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए 554 करोड़ रुपये की डीपीआर मंत्रालय को स्वीकृति के लिए भेजी गई है, जिसे शीघ्र स्वीकृत करवाया जाएगा।

सांसद ने आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत चंबा में चल रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।बैठक में विधायक नीरज नैय्यर, डॉ. जनक राज और डी.एस. ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक नीरज नैय्यर ने चंबा में पासपोर्ट कार्यालय खोलने, आपदा प्रभावित लोगों को भूमि उपलब्ध करवाने के लिए वन अधिकार अधिनियम में संशोधन तथा केंद्र द्वारा घोषित विशेष राहत पैकेज जल्द जारी करने की मांग उठाई। विधायक डॉ. जनक राज ने जनजातीय क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता जताई, वहीं डी.एस. ठाकुर ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और बिजली नेटवर्क को मजबूत करने पर बल दिया।

बैठक में विभिन्न केंद्रीय योजनाओं जैसे जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, महात्मा गांधी रोजगार गारंटी अधिनियम, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना आदि की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई।इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, एडीएम अमित मैहरा, एडीएम भरमौर कुलबीर सिंह राणा सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!