राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनीखेत में एनएसएस का सात दिवसीय शिविर संपन्न

डलहौजी/चम्बा, 10 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनीखेत में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय शिविर आज भव्य समापन समारोह के साथ संपन्न हुआ। यह शिविर 4 नवंबर से प्रारंभ हुआ था, जिसमें स्वयंसेवियों ने सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भाग लिया।समापन समारोह में डलहौजी के डीएफओ रजनीश महाजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत एनएसएस स्वयंसेवियों द्वारा मार्च पास से हुई, जिसमें उन्होंने अनुशासन और एकता का सुंदर प्रदर्शन किया।

विशेष स्रोत समन्वयक के रूप में पूर्व प्रधानाचार्य जे.पी. ठाकुर, सेवानिवृत्त जनरल मैनेजर एनएचपीसी उमेश , और प्रधानाचार्य बनीखेत पब्लिक स्कूल दीपाली शर्मा ने स्वयंसेवियों को वाद-विवाद सत्र में संबोधित करते हुए जीवन में सेवा भावना और नेतृत्व कौशल के महत्व पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रोग्राम अफसर नीरज शर्मा और विरेंद्र कौर की भूमिका सराहनीय रही। समापन अवसर पर प्रधानाचार्य प्रीतम चंद ठाकुर ने मुख्य अतिथियों को शाल और टोपी भेंट कर सम्मानित किया।शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छात्रा सिमरन को “उत्कृष्ट स्वयंसेवी छात्रा” तथा छात्र आकाश को “उत्कृष्ट स्वयंसेवक” घोषित कर पदक पहनाकर सम्मानित किया गया।अंत में स्थानीय विद्यालय के छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि ने छात्रों के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि एनएसएस जैसे मंच विद्यार्थियों में समाज सेवा की भावना को सशक्त बनाते हैं और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।