टाऊधार माता मंदिर धर्मशाला में छिंज मेले का भव्य आयोजन, पहलवानों ने दिखाया दमखम

टाऊ धार माता मंदिर धर्मशाला में छिंज मेले का भव्य आयोजन, पहलवानों ने दिखाया दमखम

डलहौजी/चंबा, 22 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी टाऊ धार माता मंदिर में रविवार को छिंज मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले की शुरुआत माता की विधिवत पूजा-अर्चना और झंडा रस्म के साथ हुई। इसके बाद पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें हिमाचल प्रदेश सहित बाहरी राज्यों से आए नामी-गिरामी पहलवानों ने भाग लिया और अपने दमखम का शानदार प्रदर्शन किया।मेले के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु एकत्रित हुए। पारंपरिक लोकधुनों और जयकारों से वातावरण गूंज उठा। सुबह से शुरू हुए दंगल मुकाबले देर शाम तक जारी रहे। पहलवानों के बीच जोरदार भिड़ंत देखने को मिली, जिससे दर्शक रोमांचित हो उठे।छोटी माली के मुकाबले में चंबा के पहलवान राशिद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। उन्हें मेला कमेटी की ओर से 31 हजार रुपए नगद पुरस्कार से नवाजा गया।

वहीं दिल्ली के पहलवान अंकित को उपविजेता घोषित किया गया और उन्हें 21 हजार रुपए नगद राशि प्रदान की गई।बड़ी माली के फाइनल में दर्शकों को बेहद रोचक और कड़े मुकाबले का गवाह बनने का अवसर मिला। पटियाला के वंश ने लगातार जीत हासिल करते हुए पीटी कैथल से फाइनल मुकाबले में भिड़ंत की। रोमांचक जंग में वंश ने प्रतिद्वंद्वी को पछाड़ते हुए बड़ी माली का खिताब जीता। उन्हें मेला कमेटी द्वारा 51 हजार रुपए नगद इनाम से सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता रहे पीटी कैथल को 31 हजार रुपए नगद पुरस्कार दिया गया।

इस अवसर पर मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि छिंज मेला न केवल खेल और पारंपरिक कुश्ती की धरोहर को जीवंत रखता है बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक भी है। उन्होंने उपस्थित लोगों का धन्यवाद करते हुए मेले की सफलता पर खुशी जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!