“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत चंबा में लगाए जाएंगे एक लाख पौधे :- उपायुक्त मुकेश रेपसवाल

डलहौजी/ चम्बा 05 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला चंबा में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष पहल की गई। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत जिलेभर के विभिन्न स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में स्कूली विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह से पौधारोपण किया। इस अभियान के तहत लगभग एक लाख पौधे रोपित किए जाएंगे। उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल की उपस्थिति में उपायुक्त कार्यालय परिसर में महिला कर्मचारियों के बच्चों द्वारा पौधारोपण किया गया।इसके अतिरिक्त, वन विभाग द्वारा भी जिला के विभिन्न हिस्सों में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गया ।इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान सिर्फ पौधा लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भावनात्मक जुड़ाव के साथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक व्यापक प्रयास है।

उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने आसपास के लोगों को भी पर्यावरण के प्रति जागरूक करें।उपायुक्त ने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आह्वान किया और बताया कि सरकार द्वारा वेस्ट प्लास्टिक 75 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा जा रहा है, जिससे कचरा प्रबंधन को बल मिलेगा।इस मौके पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा सहित उपायुक्त कार्यालय के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने जिलेवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपील की।
