रेड रिबन क्लब के लिए एचआईवी/एड्स पर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित

रेड रिबन क्लब के लिए एचआईवी/एड्स पर एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित

चंबा, 5 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जिला चंबा द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में एचआईवी/एड्स पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बिपन ठाकुर ने की। प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के रेड रिबन क्लबों के नोडल अधिकारी, पियर एजुकेटर्स एवं क्लब सदस्यों ने भाग लिया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि एचआईवी/एड्स एक लाइलाज लेकिन नियंत्रित की जा सकने वाली बीमारी है।

यदि समय पर पहचान हो जाए और नियमित ART थेरेपी से इलाज शुरू कर दिया जाए, तो व्यक्ति लंबा और सामान्य जीवन जी सकता है। उन्होंने एड्स के लक्षणों, कारणों, बचाव एवं उपचार के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी।डॉ. ठाकुर ने बताया कि एचआईवी संक्रमण का प्रमुख कारण असुरक्षित यौन संबंध है। इसके अतिरिक्त संक्रमित रक्त चढ़ाना, एक ही सिरिंज का बार-बार उपयोग और संक्रमित माँ से नवजात को संक्रमण होने की आशंका रहती है।

उन्होंने सभी युवाओं से नैतिक जीवनशैली अपनाने, सुरक्षित यौन व्यवहार रखने, स्वच्छ सुई का प्रयोग करने तथा गर्भवती महिलाओं को अनिवार्य रूप से एचआईवी परीक्षण करवाने की अपील की।इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन और जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी ने भी रेड रिबन क्लब सदस्यों को एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को अपने संस्थानों में अभियान चलाकर अधिक से अधिक जानकारी सांझा करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!