राजकीय माध्यमिक विद्यालय लक्कड़मंडी में चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा आउटरीच कार्यक्रम आयोजित

डलहौजी, / चम्बा 10 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा द्वारा राजकीय माध्यमिक विद्यालय लक्कड़मंडी, तहसील डलहौजी में एक जागरूकता आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूल के अध्यापक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा के सुपरवाइजर विक्की जरयाल और पंकज कुमार ने हेल्पलाइन नंबर 1098 की कार्यप्रणाली और सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टोल-फ्री नंबर 24 घंटे बच्चों के लिए उपलब्ध है, जिसके माध्यम से बाल-शोषण, बाल-विवाह, बाल-मजदूरी, घरेलू हिंसा, नशे की लत, मानसिक या शारीरिक अक्षमता जैसे मामलों में सहायता प्राप्त की जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान पोक्सो अधिनियम की जानकारी भी दी गई और अध्यापकों को बच्चों से संवाद बनाए रखने एवं उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेने की सलाह दी गई। विशेष रूप से बाल मजदूरी, बाल विवाह और इनके दुष्प्रभावों पर चर्चा करते हुए कानूनी प्रावधानों की जानकारी साझा की गई।
चूंकि यह क्षेत्र एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, अतः बच्चों के बीच जल्दी कमाई की प्रवृत्ति देखी जाती है। टीम ने बच्चों को पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने और अंजान लोगों से दूरी बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, किसी अज्ञात व्यक्ति से कोई वस्तु ग्रहण न करने की भी सलाह दी गई।

कार्यक्रम में यह भी आश्वासन दिया गया कि संवेदनशील जानकारी देने वाले की पहचान पूर्णतः गुप्त रखी जाएगी। सूचनाकर्ता स्वयं भी कंट्रोल रूम में जानकारी गुप्त रखने की हिदायत दे सकता है, जिसका पूर्ण पालन किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में टी.जी.टी. विक्रम चौहान, शास्त्री दिनेश कुमार, जे.बी.टी. अध्यापिका अंजली पठनीय, कमलेश कुमार, नीरज कुमार व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रीना कुमारी सहित लगभग 60 छात्र उपस्थित रहे ।
