एचआरटीसी बसों की बिगड़ते हालतों से यात्री परेशान, सुरक्षा को लेकर उठ रहे कई सवाल

एचआरटीसी बसों की बिगड़ते हालतों से यात्री परेशान, सुरक्षा को लेकर उठ रहे कई सवाल

डलहौजी/चंबा 23 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों की हालत लगातार खराब होती जा रही है, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही की घटनाओं ने निगम की कार्यप्रणाली और बसों की देखरेख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।बीते दिन एनएच 154ए पर स्थित गांव लाहड़ जा रही एक बस बीच रास्ते में खराब हो गई और सड़क के किनारे खड़ी करनी पड़ी और बाद में स्थानीय मैकेनिकों की सहायता से उसे ठीक करवा कर अपने गंतव्य की ओर रवाना किया गया ।

तो वहीं, बनीखेत से खैरी की ओर जा रही एक और बस खैरी पुल पर ही खराब हो गई, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि एचआरटीसी की बसें लगातार तकनीकी खामियों का शिकार हो रही हैं – कहीं टायर पंचर हो जाते हैं तो कहीं गियर काम करना बंद कर देते हैं।बसों की इस स्थिति से यात्री खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनका कहना है कि अब एचआरटीसी की बसों में सफर करना खतरे से खाली नहीं रह गया है। जब इस विषय में ड्राइवरों और कंडक्टरों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कई बार बसों की मरम्मत का खर्च उन्हें खुद वहन करना पड़ता है, जिससे उनकी भी आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है।

स्थानीय बुद्धिजीवियों का मानना है कि पहाड़ी क्षेत्र में जहां सड़कें पहले ही जोखिमपूर्ण हैं, वहां खराब बसों का संचालन और भी अधिक खतरनाक हो सकता है। ऐसे में यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो एचआरटीसी के प्रति आम जनता का विश्वास पूरी तरह डगमगा सकता है।इस विषय में जब क्षेत्रीय कार्यालय चंबा से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान हेतु वर्कशॉप मैनेजरों और चालकों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। निगम के अधिकारियों ने जल्द ही बसों के रखरखाव में सुधार का आश्वासन दिया है।जनता ने एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की है कि बसों की नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित की जाए, ताकि वर्षों से स्थापित विश्वास बना रहे और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!