बनीखेत में विशाल मेगा मार्ट के बाहर जाम से लोग परेशान, पार्किंग व्यवस्था पर उठे सवाल

डलहोजी/ चम्बा 25 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
नगर पंचायत बनीखेत में एनएच-154ए पर हरक सिंह मोड़ स्थित विशाल मेगा मार्ट इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर जहां मार्ट के खुलने से स्थानीय लोग उत्साहित हैं और खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं।मार्ट के बाहर दिनभर वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेगा मार्ट के पास पर्याप्त और स्थायी पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। जो पार्किंग स्थल बताया गया है, वह न केवल छोटा है बल्कि वहां वाहन खड़ा करना भी जोखिम भरा साबित हो रहा है।

स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि कई बार सड़क पर आड़ी-तिरछी खड़ी गाड़ियां यातायात को पूरी तरह बाधित कर देती हैं। खासतौर पर व्यस्त समय में लोगों को लंबे समय तक जाम में फंसना पड़ता है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।इस संबंध में जब डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन ने मौके पर एक जवान तैनात किया है, जो यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में भारी बारिश के कारण मेगा मार्ट के पास का डंगा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके मरम्मत कार्य के चलते निर्माण सामग्री सड़क पर पड़ी रहने से जाम की स्थिति और बिगड़ गई थी।

हालांकि अब निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा। इसके बावजूद स्थानीय लोगों ने स्थायी पार्किंग और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्याओं से निजात मिल सके।