छिंझ मेले में प्रवीण टंडन बने मुख्य अतिथि, ऑपरेशन सिंदूर के वीर जवानों को दी गई सलामी

डलहौजी /चंबा 09 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
पौहलाणी माता छिंझ मेला कमेटी बारह पत्थर द्वारा पारंपरिक छिंझ मेले का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि समाजसेवी प्रवीण टंडन ने शिरकत की। यह आयोजन क्षेत्रीय लोक संस्कृति और वीरता को समर्पित रहा। मेले में सुंडला, डांड़, डियूर, भसुवा, सलूणी, किहार, बाथरी और डलहौजी से भी समाजसेवी व गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित होकर आयोजन को गरिमा प्रदान की।

मुख्य अतिथि प्रवीण टंडन ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल सामाजिक एकता को बढ़ावा मिलता है, बल्कि युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने आयोजन में शामिल सभी लोगों का आभार जताया, जिन्होंने अपने व्यस्त समय से वक्त निकालकर मेले को सफल बनाया। साथ ही उन्होंने छिंझ मेला कमेटी का भी धन्यवाद किया जिन्होंने उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया।

मेले के शुभारंभ अवसर पर शिवशक्ति यूथ क्लब के सदस्यों तथा अन्य उपस्थित लोगों द्वारा तिरंगा फहराकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में भाग लेने वाले भारतीय सेना के उन जांबाज जवानों को श्रद्धांजलि दी गई, जिन्होंने सीमा पार आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त कर देश का गौरव बढ़ाया। इस विशेष आयोजन के माध्यम से सेना के पराक्रम को नमन करते हुए उनके साहस और बलिदान को जनमानस ने एक सुर में सराहा।
