अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2025 को लेकर तैयारियां शुरू, उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2025 को लेकर तैयारियां शुरू, उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक आयोजित

चंबा, 10 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2025 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त कार्यालय चंबा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की। इस दौरान मेला आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मेला आयोजन के लिए गठित विभिन्न उप-समितियों के संयोजकों ने भाग लिया और अपनी जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा की।उपायुक्त ने जानकारी दी कि इस वर्ष मिंजर मेला 27 जुलाई से 3 अगस्त 2025 तक परंपरागत रूप से चौगान नंबर 1 में आयोजित किया जाएगा। मेला अधिकारी के रूप में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा को नियुक्त किया गया है।

वे लेखा एवं आय साधन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, निमंत्रण कार्ड/स्मारिका एवं पुरस्कार वितरण उप-समिति के संयोजक भी होंगे।बैठक में विभिन्न उप-समितियों की जिम्मेदारियां तय की गईं। पुलिस अधीक्षक चंबा को खेलकूद, कुश्ती एवं कानून व्यवस्था उप-समिति, सहायक आयुक्त को आवास, चौगान रख-रखाव एवं व्यय समिति, एसडीएम चंबा को तह बाजारी एवं प्रदर्शनी उप-समिति, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को परिवहन समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, नगर परिषद चंबा की अध्यक्षा नीलम नैयर को मिंजर वितरण, शोभायात्रा एवं स्वच्छता समिति का संयोजक नियुक्त किया गया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य सेवाएं, तहसीलदार चंबा को स्वागत व्यवस्था, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को रंगमंच बैठने व्यवस्था तथा विद्युत मंडल के अधिशासी अभियंता को प्रकाश एवं सजावट की जिम्मेदारी दी गई।

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने निर्देश दिए कि सभी उप-समितियों के संयोजक अपने-अपने कार्यों को समय पर आरंभ करें और खर्च के दौरान सरकारी धन का समुचित उपयोग सुनिश्चित करें।इस अवसर पर कई वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें एएसपी शिवानी महेला, एसडीएम प्रियांशु खाती, एसी टू डीसी पृथ्वी पाल सिंह, डॉ. हरित पुरी, दिनेश कुमार, राखी कौशल और तुकेश कुमार शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!