चंबा में लोक लेखा समिति की बैठक आयोजित, लंबित ऑडिट पैरा की समीक्षा और अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

चंबा में लोक लेखा समिति की बैठक आयोजित, लंबित ऑडिट पैरा की समीक्षा और अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

चंबा, 11 जून मुकेश कुमार ( गोल्डी)

जिला मुख्यालय चंबा के बचत भवन में हिमाचल प्रदेश विधानसभा की लोक लेखा समिति की बैठक समिति के सभापति अनिल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित ऑडिट पैरा की समीक्षा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में समिति के सदस्य डॉ. हंस राज, जीत राम कटवाल, इंद्र सिंह, डॉ. जनक राज, मलेंद्र राजन, कैप्टन रणजीत सिंह राणा और स्थानीय विधायक नीरज नैयर मौजूद रहे। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने सभी सदस्यों और अधिकारियों का स्वागत करते हुए बैठक के सुझावों के पालन का आश्वासन दिया।

समीति के सभापति अनिल शर्मा ने सरकारी योजनाओं की डीपीआर बनाते समय उनकी व्यवहारिकता और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए ताकि योजनाओं का स्थायी लाभ जनता को मिल सके। उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई और अधूरी जानकारी प्रस्तुत करने वाले विभागों को दस्तावेजों सहित अगली बैठक में शिमला में उपस्थित होने के आदेश दिए।

सदस्य जीत राम कटवाल ने चंबा में कूड़ा संयंत्र के लिए स्थल चयन को प्राथमिकता देने की बात कही, जबकि डॉ. हंस राज ने बैरागढ़ पुलिस चौकी को गर्मियों के मौसम में सतरुंडी स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, परिवहन, जल शक्ति, विद्युत, शहरी विकास, राज्य कर एवं आवकारी और वन विभाग सहित कई विभागों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई। विद्युत विभाग से बिजली हानि को कम करने के लिए पूर्व में उठाए गए कदमों और उपलब्धियों की जानकारी देने को कहा गया।

बैठक के उपरांत समिति ने पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा का निरीक्षण कर आपातकालीन वार्ड और ट्रॉमा सेंटर का जायजा भी लिया। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!