स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहयोग आवश्यक: उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ,”एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत लगाए जाएंगे एक लाख पौधे

चंबा, 5 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय चंबा के हरदासपुरा पार्क में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। नगर परिषद चंबा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी इस अभियान में शामिल हुए।कार्यक्रम के तहत हरदासपुरा चौक के समीप स्थित नगर परिषद पार्क, रैवेन्यू कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की गई।

नालियों की भी गहन सफाई कर स्वच्छता को बढ़ावा दिया गया। उपायुक्त ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पिछले एक सप्ताह से नगर परिषद चंबा, डलहौजी और नगर पंचायत चुवाड़ी के विभिन्न वार्डों में निरंतर सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं।इस मौके पर उपायुक्त ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत जिला चंबा में शिक्षण संस्थानों एवं अन्य स्थानों पर वन विभाग के सहयोग से एक लाख पौधे रोपित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं हैं, इसमें जनसहयोग की महती आवश्यकता है।उपायुक्त ने जिला वासियों से आह्वान किया कि वे न केवल अपने आसपास की स्वच्छता बनाए रखें, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक शुद्ध और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर उपायुक्त ने हरदासपुरा पार्क में पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में एसी टू डीसी पृथ्वी पाल सिंह, जिला राजस्व अधिकारी विक्रमजीत सिंह, जिला विकास अधिकारी ओम प्रकाश ठाकुर, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा, नगर परिषद चंबा की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल, जिला भाषा अधिकारी मुकेश कुमार सहित अनेक विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।