बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रशिक्षक रंजना बनीं एम्स दिल्ली में नर्सिंग ऑफिसर, क्षेत्र में खुशी की लहर

डलहौजी/ चम्बा 27 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपमंडल डलहौजी के गोली क्षेत्र की रहने वाली रंजना ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली में नर्सिंग ऑफिसर की परीक्षा उत्तीर्ण कर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे क्षेत्र और बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग बोंखरी मोड़ का नाम रोशन किया है। रंजना वर्तमान में बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग में नर्सिंग प्रशिक्षक (ट्यूटर) के पद पर कार्यरत थीं।रंजना शुरू से ही एक मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाथरी से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने जीएनएम का प्रशिक्षण लिया, जिसमें द्वितीय वर्ष में प्रदेश स्तर पर मेरिट सूची में दूसरा स्थान हासिल किया। आगे की पढ़ाई में उन्होंने सिस्टर निवेदिता गवर्नमेंट नर्सिंग कॉलेज, आईजीएमसी से पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की डिग्री प्राप्त की।बट्ट कॉलेज में सेवाएं देने के साथ-साथ रंजना ने नर्सिंग ऑफिसर की परीक्षा की तैयारी जारी रखी और अपने परिश्रम और प्रतिभा के बल पर सफलता अर्जित की। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित कॉलेज और स्थानीय क्षेत्र में खुशी की लहर है।रंजना के पिता जगदीश कुमार एसएसबी में अधिकारी पद पर उत्तराखंड में सेवारत हैं, जबकि माता प्रिंगला देवी गृहणी हैं। उनकी बड़ी बहन काजल आईटीआई सलूणी में जेओए आईटी के पद पर कार्यरत हैं, छोटी बहन शिल्पा स्नातक कर रही हैं और भाई रोहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हैं।रंजना ने इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, अध्यापकों, नर्सिंग प्रशिक्षकों और विशेष रूप से बट्ट कॉलेज ऑफ नर्सिंग के चेयरमैन परवेज अली बट्ट को दिया, जिन्होंने उन्हें पूर्ण सहयोग प्रदान किया। परवेज अली बट्ट ने रंजना को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।