जोत में पर्यटन सुविधाओं का जायज़ा लेने पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया
स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने व ठोस कार्य योजना बनाने के निर्देश

चंबा, 23 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने चंबा और भटियात विधानसभा क्षेत्रों के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जोत का दौरा किया और पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारों के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पठानिया ने जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने, आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने और पर्यटकों की सुविधा के लिए चल रही पहलों की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि जोत जैसे प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है, ऐसे में सुविधाओं का उन्नयन अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने स्वच्छता, पार्किंग, शौचालय, पेयजल और सूचना पट्ट जैसे बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए कार्य योजना में शामिल करने को कहा। उन्होंने मोटूणी-खड़ा डंडा-जोत उठाऊ पेयजल योजना को शीघ्र कार्यान्वित करने और मानकोट गाँव से जोत तक वैकल्पिक मार्ग के प्रस्ताव को तैयार करने को भी कहा।

इस समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, एडीएम अमित मेहरा, एसडीएम प्रियांशु खाती, अधिशासी अभियंता, वन, पर्यटन, जल शक्ति व विद्युत विभागों के अधिकारी शामिल रहे और अपने विभागीय कार्यों की जानकारी दी।