चम्बा में ई-केवाईसी हेतु विशेष अभियान, श्रमिकों को आधार लिंकिंग कराने की अपील

चम्बा में ई-केवाईसी हेतु विशेष अभियान, श्रमिकों को आधार लिंकिंग कराने की अपील

चम्बा,10 सितम्बर मुकेश कुमार(गोल्डी)

जिला श्रम कल्याण अधिकारी श्वेता कुमारी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड चम्बा के अंतर्गत पंजीकृत कामगारों के लिए ई-केवाईसी (आधार सत्यापन) की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान सभी पंजीकृत श्रमिकों को अपने आधार नंबर को अपने मोबाइल नंबर से लिंक करवाने हेतु प्रेरित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।श्वेता कुमारी ने बताया कि यह ई-केवाईसी प्रक्रिया अनिवार्य है, ताकि भविष्य में कामगारों को बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित रूप से प्राप्त हो सके। उन्होंने विशेष रूप से यह स्पष्ट किया कि जो भी श्रमिक ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं करेंगे, उनकी पात्रता भविष्य में कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ उठाने से स्वतः समाप्त हो जाएगी।इस अभियान के तहत सभी पंजीकृत कामगारों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने नजदीकी लोक मित्र केंद्र पर जाकर अपने आधार नंबर को अपने मोबाइल नंबर से लिंक कराएं। इस कार्य को समय पर पूरा करना न केवल उनके भविष्य के कल्याण योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे श्रमिकों का डिजिटल पंजीकरण भी सशक्त बनता है।

जिला श्रम कल्याण अधिकारी ने इस अवसर पर सभी पंजीकृत कामगारों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे इस महत्वपूर्ण कार्य को शीघ्रता से पूरा करें। साथ ही, यदि किसी भी श्रमिक को प्रक्रिया से संबंधित कोई कठिनाई आती है या अधिक जानकारी चाहिए तो वे किसी भी कार्य दिवस में जिला श्रम कल्याण अधिकारी कार्यालय, चम्बा में संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, दूरभाष नंबर 01899-294050 पर संपर्क किया जा सकता है।यह अभियान राज्य सरकार की डिजिटल इंडिया पहल के तहत भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे श्रमिकों का सशक्त और पारदर्शी पंजीकरण सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!