चंबा में तंबाकू नियंत्रण को लेकर विशेष मुहिम, शिक्षण संस्थानों के आसपास बिक्री पर होगी सख्त कार्रवाई

चंबा में तंबाकू नियंत्रण को लेकर विशेष मुहिम, शिक्षण संस्थानों के आसपास बिक्री पर होगी सख्त कार्रवाई

चंबा, 19 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने ज़िले में तंबाकू नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त घोषित करने के लिए 31 मई तक ‘सेल्फ सर्टिफिकेशन’ प्रमाण पत्र संबंधित चिकित्सा अधिकारियों को भेजा जाए।उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालय प्रबंधन समितियों के सहयोग से शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध सुनिश्चित करें।यह निर्देश उपायुक्त कार्यालय में आयोजित ज़िला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक के दौरान दिए गए, जिसकी अध्यक्षता स्वयं उपायुक्त ने की। उन्होंने शिक्षा विभाग को प्राथमिक स्कूलों में “तंबाकू मुक्त संस्थान” के साइन बोर्ड लगाने के भी आदेश दिए।बैठक में जानकारी दी गई कि तंबाकू मुक्त पंचायत घोषित होने पर पंचायत को पांच लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, ज़िला विकास अधिकारी और पंचायत अधिकारियों को संयुक्त कार्यवाही करने को कहा गया है।मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विपिन ठाकुर और जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करण हितेषी ने तंबाकू सेवन से होने वाले कैंसर व अन्य बीमारियों पर जानकारी साझा की। डॉ. हितेषी ने बताया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में तंबाकू छोड़ने के लिए परामर्श सेवाएं उपलब्ध हैं।बैठक के दौरान उपायुक्त ने वर्ल्ड हाइपरटेंशन दिवस पर 16 जून तक चलने वाले जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया। यह कार्यक्रम लोगों में हाई ब्लड प्रेशर से बचाव हेतु जागरूकता लाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!