रा० व मा०पा० बनीखेत का दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम रहा 94 प्रतिशत
डलहौजी/चंबा 16 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

हि० प्र० शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनीखेत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 94 प्रतिशत परिणाम प्राप्त किया है। इस परीक्षा में कुल 32 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 30 विद्यार्थी सफल घोषित हुए, जबकि 2 विद्यार्थी अनुतीर्ण रहे।
विद्यालय की इस सफलता में चंद्र प्रकाश ने सर्वोच्च अंक प्राप्त करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने 700 में से कुल 636 अंक अर्जित किए। वहीं, समृद्धि ठाकुर ने 613 अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि नेहा देवी ने 557 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रधानाचार्य प्रीतम ठाकुर ने परीक्षा में उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को इस सफलता का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का सम्मिलित फल है।
प्रधानाचार्य ने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में 25 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की है, जबकि 5 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की है।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय जनता, अभिभावकों और पूर्व विद्यार्थियों ने भी विद्यालय को बधाइयां दी हैं। यह उत्कृष्ट प्रदर्शन आगामी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और विद्यालय की शिक्षा गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ करेगा।