भरमौर के हक का पैसा अब भरमौर के विकास में ही लगेगा: विधायक डॉ. जनक राज

भरमौर के हक का पैसा अब भरमौर के विकास में ही लगेगा: विधायक डॉ. जनक राज

भरमौर/ चम्बा 11 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

भरमौर विधानसभा क्षेत्र में संचालित जलविद्युत परियोजनाओं के अंतर्गत अब तक प्राप्त LADA (स्थानीय क्षेत्र विकास प्राधिकरण) और CSR (कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) मद की धनराशि के उपयोग की विशेष ऑडिट करवाई जाएगी। यह निर्णय हिमाचल प्रदेश विधानसभा की लोक लेखा समिति (PAC) की हाल ही में चंबा में आयोजित बैठक में लिया गया।

समिति के सदस्य एवं भरमौर के विधायक डॉ. जनकराज ने बताया कि इस ऑडिट का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जलविद्युत परियोजनाओं से मिलने वाला फंड भरमौर क्षेत्र के वास्तविक विकास पर ही खर्च हो। उन्होंने कहा कि PAC के सभापति ने इस संबंध में प्रधान महालेखाकार कार्यालय को निर्देश जारी कर दिए हैं।

डॉ. जनकराज ने कहा कि भरमौर क्षेत्र में वर्षों से अनेक जलविद्युत परियोजनाएं कार्यरत हैं, लेकिन इन परियोजनाओं से मिलने वाले फंड के उपयोग में पारदर्शिता की कमी रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि LADA और CSR फंड का उपयोग क्षेत्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप नहीं किया गया और निर्णय प्रक्रिया में ग्राम पंचायतों, बीडीसी, प्रधानों और अन्य स्थानीय प्रतिनिधियों को नजरअंदाज किया गया।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ कंपनियों ने CSR के तहत अपने सामाजिक दायित्वों से बचने की कोशिश की है, जो निंदनीय है। अब हर एक रुपये का हिसाब लिया जाएगा और जनता के हक का पैसा उन्हीं की भलाई में खर्च हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा।

डॉ. जनकराज ने यह भी चेताया कि यदि ऑडिट के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जलविद्युत परियोजनाओं के नाम पर भरमौर की जनता के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!