चंबा में दर्दनाक हादसा, ओडरा खड्ड में नहाते समय दो युवक डूबे, एक का शव बरामद, दूसरा लापता

चम्बा 11 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार को मंगला के पास स्थित ओडरा खड्ड में नहाने उतरे दो युवक गहरे पानी में डूब गए। घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, जिसमें एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरा अब भी लापता है। उसकी तलाश में पुलिस और स्थानीय लोग लगातार जुटे हुए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुखद घटना बुधवार दोपहर की है। चंबा जिले के चुराह क्षेत्र के चांजू गांव से दो युवक मंगला क्षेत्र में ओडरा खड्ड में नहाने पहुंचे थे।

पानी की गहराई का सही अनुमान न होने के चलते दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने जब युवकों को डूबते देखा तो तुरंत मदद के लिए आगे आए और पुलिस को सूचित किया।सूचना मिलते ही सुलतानपुर चौकी से पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं, दूसरे युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान अभी भी जारी है।इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह से सहायता में जुटा है। लोगों से अपील की गई है कि बरसात के मौसम में नदी-नालों और खड्डों में नहाने से परहेज करें ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।