हिमाचल में कांग्रेस की जीत, अनुराग शर्मा निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने गए

हिमाचल में कांग्रेस की जीत, अनुराग शर्मा निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने गए

शिमला 09 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज करते हुए अपने उम्मीदवार अनुराग शर्मा को निर्विरोध सांसद चुना लिया है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा इस चुनाव में प्रत्याशी नहीं उतारे जाने के कारण अनुराग शर्मा बिना मुकाबले ही राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो गए। विधान सभा सचिवालय की ओर से उन्हें ‘सर्टिफिकेट ऑफ इलेक्शन’ भी सौंप दिया गया है।
राज्यसभा चुनाव के लिए केवल अनुराग शर्मा का ही नामांकन पत्र दाखिल हुआ था। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि तक किसी अन्य प्रत्याशी ने अपना नामांकन दाखिल नहीं किया। ऐसे में निर्वाचन प्रक्रिया के तहत अनुराग शर्मा को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया।
हिमाचल प्रदेश से मौजूदा राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी का कार्यकाल समाप्त होने के बाद अनुराग शर्मा औपचारिक रूप से राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। अनुराग शर्मा वर्तमान में जिला कांगड़ा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे हैं और लंबे समय से संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं।
सांसद चुने जाने के बाद अनुराग शर्मा ने सबसे पहले अपने इष्टदेव बाबा भोलेनाथ और मां चामुंडा का स्मरण करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का धन्यवाद किया।
अनुराग शर्मा ने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में संगठन से जुड़कर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है और इसके लिए वह पार्टी के हर कार्यकर्ता के आभारी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वह प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और हिमाचल प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों को राज्यसभा में प्रभावी ढंग से उठाएंगे।
गौरतलब है कि कांग्रेस द्वारा अनुराग शर्मा को राज्यसभा का टिकट दिए जाने के फैसले ने कई लोगों को चौंका दिया था, क्योंकि वह राष्ट्रीय स्तर पर ज्यादा चर्चित चेहरा नहीं थे। इसके बावजूद पार्टी नेतृत्व ने संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और समर्पण को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!