ऊना में चलती बस से गिरकर व्यक्ति की दर्दनाक मौत, चालक मौके से फरार

ऊना में चलती बस से गिरकर व्यक्ति की दर्दनाक मौत, चालक मौके से फरार

3 न

ऊना 09 अप्रैल चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसने क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है। हरोली थाना क्षेत्र के अंतर्गत भदसाली के पास बुधवार को एक व्यक्ति की चलती बस से गिरने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान भदसाली निवासी विश्व सिंह के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्व सिंह बुधवार को एक निजी बस में सवार होकर अपने घर लौट रहा था। जब बस भदसाली के समीप पहुंची, तो वह अपना सामान लेकर उतरने के लिए बस के दरवाजे की ओर बढ़ा। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती बस से नीचे गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि गिरते ही उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद बस चालक ने वाहन नहीं रोका और मौके से फरार हो गया। चालक के इस रवैये से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने प्रशासन से दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।घटना की सूचना मिलते ही हरोली थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ऊना के पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमथ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। फरार बस चालक की तलाश जारी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बस में चढ़ते-उतरते समय विशेष सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!