बनीखेत में स्वर्गीय अनिल कुमार (बट्टी) क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन, बगढार इलेवन बनी विजेता

बनीखेत में स्वर्गीय अनिल कुमार (बट्टी) क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन, बगढार इलेवन बनी विजेता

डलहौजी/ चम्बा 23 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

पद्धर चौगान बनीखेत में यूथ क्लब कंडा के सौजन्य से आयोजित स्वर्गीय श्री अनिल कुमार (बट्टी) स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का बीते कल विधिवत समापन हुआ। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विधानसभा क्षेत्र डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। पद्धर चौगान पहुंचने पर यूथ क्लब कंडा के सदस्यों ने मुख्य अतिथि का पुष्प गुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।इस क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने भाग लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद फाइनल में बगढार इलेवन और बाढ़ इलेवन ने अपनी जगह पक्की की।

फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचकारी रहा। बगढार इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 124 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बाढ़ इलेवन की टीम 92 रन पर सिमट गई। इस प्रकार बगढार इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।मुख्य अतिथि विधायक डीएस ठाकुर ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया।

उन्होंने कहा कि नशा न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है, जिससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। ऐसे में युवाओं को खेलों से जोड़ना समय की आवश्यकता है, ताकि समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण हो सके।कार्यक्रम के दौरान विजेता एवं उपविजेता टीमों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यपालक राज़ील व्यास ने भी उपस्थिति दर्ज करवाई और यूथ क्लब कंडा को 25 हजार रुपये की सहयोग राशि भेंट की। क्लब सदस्यों ने भविष्य में भी इस टूर्नामेंट को और अधिक भव्य रूप में आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!