एनडीआरएफ के द्वारा राजकीय महाविद्यालय चुवाडी में आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल आयोजित

एनडीआरएफ के द्वारा राजकीय महाविद्यालय चुवाडी में आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल आयोजित

भटीयात/ चम्बा 27 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया के उद्देश्य से National Disaster Response Force (एनडीआरएफ) की नूरपुर बटालियन के तत्वावधान में राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी में आपदा प्रबंधन विषयक एक दिवसीय मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजय सिंह पठानिया, प्राध्यापकगण, गैर-शिक्षण कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम ने विद्यार्थियों और स्टाफ को विभिन्न आपदा परिस्थितियों से निपटने के व्यावहारिक तरीके सिखाए। टीम द्वारा कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) का लाइव प्रदर्शन कर बताया गया कि किसी व्यक्ति के बेहोश होने या सांस रुकने की स्थिति में किस प्रकार प्राथमिक उपचार देकर उसकी जान बचाई जा सकती है। इसके अलावा भूकंप आने की स्थिति में अपनाई जाने वाली “ड्रॉप, कवर एंड होल्ड” तकनीक का भी विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान अग्निकांड की स्थिति में सुरक्षित निकासी, आग बुझाने के लिए अग्निशामक यंत्र के सही उपयोग और बचाव के उपायों का भी प्रदर्शन किया गया। एनडीआरएफ टीम ने फ्लैश फ्लड जैसी प्राकृतिक आपदाओं के समय रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रक्रिया को भी व्यवहारिक तरीके से समझाया। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया और पूरे अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजय सिंह पठानिया ने एनडीआरएफ नूरपुर बटालियन की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में आपदा के समय सही निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास और जागरूकता को बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन से जुड़ी जानकारी हर नागरिक के लिए अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में सामूहिक सहयोग और सतर्कता की भावना को भी मजबूत करते हैं। यह मॉक ड्रिल कार्यक्रम महाविद्यालय में अत्यंत सफल, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!