बद्दी के नालका गांव में एलपीजी गैस धमाका, चंबा के युवक की मौत

चम्बा 05 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के नालका गांव में किराये के कमरे में रह रहे एक युवक की एलपीजी गैस लीक से हुए जोरदार धमाके में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान चंबा जिले के सलूणी उपमंडल के एरवा गांव निवासी 28 वर्षीय राजीव कुमार पुत्र हंसराज के रूप में हुई है। राजीव बद्दी स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था और रोजगार के सिलसिले में नालका गांव में किराये पर रह रहा था।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजीव मंगलवार सुबह अपने कमरे को बंद कर रोजाना की तरह ड्यूटी पर चला गया था। दिनभर कमरे में एलपीजी गैस का रिसाव होता रहा, जिससे भीतर गैस भर गई।

शाम के समय जब राजीव ड्यूटी समाप्त कर वापस लौटा और जैसे ही उसने कमरे का दरवाजा खोला, तभी अचानक तेज धमाका हो गया। धमाके की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल घायल युवक को नालागढ़ अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही राजीव ने दम तोड़ दिया। युवक की असामयिक मौत से उसके परिवार और गांव में शोक की लहर फैल गई है।पुलिस ने नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एएसपी अशोक वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला एलपीजी गैस लीक से हुए धमाके का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गैस रिसाव कैसे हुआ और कहीं कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई।यह घटना किराये के कमरों और रसोई गैस के सुरक्षित उपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे एलपीजी सिलेंडर, रेगुलेटर और पाइप की समय-समय पर जांच करें और गैस की गंध आने पर तुरंत सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।