44 लाख से बने अतिरिक्त भवन का लोकार्पण, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शिक्षकों की भूमिका को बताया अहम

चम्बा 23 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
रोहित ठाकुर ने आज पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय चंबा में 44 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त भवन का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में छात्राओं को उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण भी किया।शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए कहा कि विभागीय नीतियों की सफलता का मूल आधार शिक्षक हैं। उन्होंने कहा कि चाहे राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल, सीबीएसई पाठ्यक्रम से राजकीय विद्यालयों की संबद्धता, अटल आदर्श विद्यालय, पीएम श्री या सीएम श्री योजना हो—इन सभी की सफलता शिक्षकों की निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी पर निर्भर करती है।

उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विभागीय कर्मी भविष्य की चुनौतियों के प्रति तत्पर रहेंगे।रोहित ठाकुर ने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल एवं कन्या) चंबा का गौरवशाली इतिहास रहा है और यह संस्थान जिले ही नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रतिष्ठित विद्यालयों में शामिल है। उन्होंने विद्यालय में शुरू की गई फेसियल अटेंडेंस प्रणाली और अन्य नवाचारों की सराहना की तथा संसाधनों के समुचित उपयोग और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर बल दिया।

उन्होंने विधायक नीरज नैय्यर द्वारा क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। विधायक ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। मंत्री ने छात्राओं की लोक सांस्कृतिक प्रस्तुति हेतु 15 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में आशा कुमारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।