महिला सशक्तिकरण समाज की प्रगति की आधारशिला :- उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल

चम्बा 24 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण किसी भी समाज की प्रगति की मजबूत आधारशिला है। आज महिलाएं केवल परिवार तक सीमित न रहकर शिक्षा, प्रशासन, उद्योग, कला और स्वरोजगार सहित हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उपायुक्त ग्रामीण विकास विभाग के सौजन्य से जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए आयोजित 15 दिवसीय चंबा थाल निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि इस प्रशिक्षण को केवल एक कौशल तक सीमित न रखें, बल्कि इसे आय के स्थायी स्रोत के रूप में विकसित करें। यही इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का वास्तविक उद्देश्य है।

उपायुक्त ने सुझाव दिया कि जिन विद्यालय भवनों का वर्तमान में उपयोग नहीं हो रहा है, उन्हें स्वयं सहायता समूहों के प्रशिक्षण केंद्र एवं आजीविका केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, ताकि महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।उपायुक्त ने कहा कि पंचायत व्यवस्था में महिला नेतृत्व से पारदर्शिता, ईमानदारी और संवेदनशीलता बढ़ती है, जिससे समाज को दीर्घकालीन लाभ मिलता है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।उन्होंने बताया कि जिले में पहली बार महिलाओं को पारंपरिक और प्रसिद्ध चंबा थाल निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक पहल है। इससे स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम में भाग लेने वाली महिलाओं को उपायुक्त द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षित महिलाओं से संवाद किया तथा उनके द्वारा बनाए गए चंबा थालों का अवलोकन भी किया।उपायुक्त ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से ‘लखपति दीदी’ बनने का लक्ष्य लेकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी द्वारा प्रशिक्षण गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर गौरव और जयराम ने महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया।इसके उपरांत उपायुक्त ने हरदासपुर चौक पर विकसित किए जा रहे पार्क का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा, जिला विकास अधिकारी तिवेंद्र चिनारिया, खंड विकास अधिकारी महेश चंद ठाकुर एवं अर्थशास्त्री परियोजना विनोद कुमार उपस्थित रहे।