विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 28 से 31 जनवरी तक भटियात विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर

चम्बा 25 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 28 से 31 जनवरी तक भटियात विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। उनके इस प्रवास के दौरान क्षेत्र की विकास योजनाओं, शिक्षा, अधोसंरचना और सिंचाई से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। यह जानकारी विभागीय प्रवक्ता ने दी।प्रवक्ता के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष 28 जनवरी को दोपहर 12:00 बजे समिति हॉल चुवाड़ी में भटियात विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं से संबंधित वार्षिक बजट प्राथमिकताओं को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी वित्तीय वर्ष के लिए आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी इस बैठक में उपस्थित रहेंगे।29 जनवरी को दोपहर 12:00 बजे विधानसभा अध्यक्ष हिमालयन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चुवाड़ी में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर वे मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे तथा शिक्षा के महत्व और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर प्रेरक संदेश देंगे।30 जनवरी को दोपहर 12:30 बजे विधानसभा अध्यक्ष ग्राम पंचायत मेल में मेल से निकली तथा परला मेल के लिए प्रस्तावित संपर्क सड़क की आधारशिला रखेंगे। इसके उपरांत वे एक जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें क्षेत्र के विकास कार्यों, सड़क संपर्क और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने को लेकर अपने विचार साझा करेंगे।31 जनवरी को प्रातः 11:30 बजे विधानसभा अध्यक्ष बहाव सिंचाई योजना, लाहड़ू का उद्घाटन करेंगे। इस योजना के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी। उद्घाटन के पश्चात वे यहां भी एक जनसभा को संबोधित करेंगे।विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 1 फरवरी को प्रातः 11:00 बजे सिंहुता से शिमला के लिए रवाना होंगे।