चंबा में पुराने बिजली मीटरों की जगह लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर, भ्रामक अफवाहों से बचें :- परवेश ठाकुर

चंबा में पुराने बिजली मीटरों की जगह लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर, भ्रामक अफवाहों से बचें :- परवेश ठाकुर

चम्बा 27 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

वरिष्ठ अधिशासी अभियंता, विद्युत मण्डल एचपीएसईबीएल, चंबा परवेश ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड द्वारा राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रदेशभर में पुराने विद्युत मीटरों को चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट मीटरों से प्रतिस्थापित किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अब तक जिले में बड़ी संख्या में घरेलू, सरकारी, औद्योगिक तथा वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के परिसरों में स्मार्ट मीटर सफलतापूर्वक स्थापित किए जा चुके हैं।उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में कुछ स्थानों पर स्मार्ट मीटरों को लेकर भ्रामक जानकारियां और गलत धारणाएं फैलाई जा रही हैं, जिसके चलते कुछ उपभोक्ताओं द्वारा इनके स्थापना कार्य का विरोध किया जा रहा है।

इस पर स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर पूरी तरह से सरकार द्वारा तय दिशा-निर्देशों और तकनीकी मानकों के अनुरूप लगाए जा रहे हैं तथा यह व्यवस्था पूरी तरह उपभोक्ता हित में है।परवेश ठाकुर ने कहा कि स्मार्ट मीटर बिजली खपत का सटीक, पारदर्शी और वास्तविक मापन सुनिश्चित करते हैं। इससे उपभोक्ताओं को केवल उतनी ही बिजली का बिल देना होता है, जितनी उन्होंने वास्तव में उपभोग की हो। स्मार्ट मीटर प्रणाली से बिलिंग में पारदर्शिता बढ़ेगी और गलत रीडिंग या अनुमानित बिलों की समस्या समाप्त होगी।उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी उपभोक्ता को अपनी बिजली खपत या बिल को लेकर कोई शंका अथवा शिकायत है, तो वह संबंधित विद्युत कार्यालय से संपर्क कर सकता है।

बोर्ड द्वारा प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से समाधान किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार मीटर जांच और परीक्षण की व्यवस्था भी की जाएगी।वरिष्ठ अधिशासी अभियंता ने यह भी स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर स्थापना के दौरान कार्यरत सभी कर्मचारी एचपीएसईबीएल के अधिकृत प्रतिनिधि हैं। यदि कोई उपभोक्ता सरकारी कार्य में अनावश्यक बाधा उत्पन्न करता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित उपभोक्ता की होगी।अंत में उन्होंने सभी विद्युत उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह योजना जनहित में है और इसके सफल क्रियान्वयन से उपभोक्ताओं को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!