संविधान दिवस पर चम्बा में विभिन्न संगठनों ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का किया आयोजन

चम्बा 26 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
भारतीय संविधान दिवस के उपलक्ष्य पर अम्बेडकर मिशन सोसाइटी चम्बा, श्री गुरु रविदास सभा चम्बा, भीमा बाई महिला मंडल चम्बा, अम्बेडकर कर्मचारी कल्याण संघ, अनुसूचित जाति कल्याण समिति, श्री गुरु रविदास महासभा तथा बाल्मिकी सभा चम्बा के संयुक्त तत्वावधान में आज विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का आयोजन बाबा साहिब भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थल तथा अम्बेडकर भवन सुल्तानपुर में किया गया।जानकारी देते हुए अम्बेडकर मिशन सोसाइटी चम्बा के महासचिव अनूप राही ने बताया कि संविधान दिवस समाज में समानता, न्याय और अधिकारों की रक्षा के संकल्प को दोहराने का अवसर है। उन्होंने कहा कि विश्व ज्ञान के प्रतीक, महामानव तथा भारतीय संविधान के रचयिता बाबा साहिब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने दलितों, शोषितों, महिलाओं और समाज के सभी वंचित वर्गों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। भारतीय संविधान के माध्यम से उन्होंने समाज में समानता, समरसता और बराबरी का मार्ग प्रशस्त किया, जो आज भी अनुकरणीय है।संविधान दिवस के अवसर पर उपायुक्त कार्यालय चम्बा के समीप स्थित बाबा साहिब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके उपरांत आयोजित विचार–गोष्ठियों में प्रबुद्धजनों और विशिष्ट अतिथियों—जितेश्वर सूर्या, अनूप राही, किशन लाल शाह, अविनाश पाल, शिवचरण चंद्रा सहित अन्य वक्ताओं ने बाबा साहिब के जीवन दर्शन, उनके मिशन, राष्ट्र निर्माण में संविधान की भूमिका और भारतीय संविधान की विशेषताओं पर अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम में अम्बेडकर मिशन सोसाइटी के महासचिव अनूप राही, गुरु रविदास सभा के प्रधान जितेंद्र सूर्या, श्री गुरु रविदास महासभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेश्वर सूर्या, अनुसूचित जाति कल्याण समिति के अध्यक्ष किशन लाल शाह, अरुण डालिया, मनोहर लाल हितैषी, दलवीर सूर्या, विशाल कुमार, रत्न सूर्या, राकेश हितेषी, सूदन चंद्रा, शिवकरण चंद्रा, कुलदीप अहीर, मेघना कुमारी, अमृता देवी, कमला देवी, कंचन, राजिंद्रा सूर्या, पिंकी देवी, प्रीतम रैना, महेंद्र सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।