मंगियान के रजत भारद्वाज बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, भटियात क्षेत्र में खुशी की लहर

भटियात/चंबा 8 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
भट्टियात विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गरनोटा के गांव मंगियान से संबंध रखने वाले रजत भारद्वाज का भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयन होने से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। रजत की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे भट्टियात क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है और रजत की मेहनत व लगन की सराहना की है।रजत भारद्वाज की इस सफलता पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने उन्हें, उनके माता-पिता तथा समस्त भट्टियात क्षेत्र के लोगों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि रजत की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और देशभक्ति युवा पीढ़ी को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देती है।रजत के माता-पिता ने जानकारी देते हुए बताया कि बचपन से ही रजत के मन में भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करने का जुनून था।

उन्होंने अपने इसी लक्ष्य को सामने रखते हुए निरंतर मेहनत की और पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक तथा मानसिक रूप से खुद को मजबूत बनाया। माता-पिता ने बताया कि रजत की इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन और बड़ों का आशीर्वाद महत्वपूर्ण रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि रजत शुरू से ही अनुशासित और मेहनती छात्र रहा है। उसकी सफलता से गांव के युवाओं में भी उत्साह बढ़ा है और कई युवा अब सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देख रहे हैं।रजत भारद्वाज के लेफ्टिनेंट बनने की खबर मिलते ही गांव मंगियान सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। परिजन, रिश्तेदार और स्थानीय लोग उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि रजत भविष्य में भी इसी तरह क्षेत्र और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।