चंबा में घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडारण, अफवाहों से बचने की अपील

चंबा में घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडारण, अफवाहों से बचने की अपील

चम्बा 13 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला चंबा में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी), पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार जिले में घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की घबराहट में आने की आवश्यकता नहीं है।प्रशासन ने बताया कि फिलहाल जिले में केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर कुछ हद तक असर पड़ा है। हालांकि, निजी और सरकारी अस्पतालों तथा शैक्षणिक संस्थानों को उनकी आवश्यकता को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, ताकि आवश्यक सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर कुछ भ्रामक सूचनाएं प्रसारित हो रही हैं, जिससे लोगों में अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

इसी को देखते हुए घरेलू गैस उपभोक्ताओं से आग्रह किया गया है कि वे सोशल मीडिया पर चल रहे भ्रामक प्रचार से प्रभावित न हों और हड़बड़ाहट में आकर अनावश्यक गैस बुकिंग न करें। प्रशासन ने लोगों से संयम और धैर्य बनाए रखने की अपील की है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग चंबा ने इस संबंध में जिले के सभी निरीक्षकों को निर्देश जारी किए हैं कि वे गैस आपूर्ति की स्थिति की प्रतिदिन समीक्षा करें और किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तुरंत उचित कदम उठाएं।प्रशासन ने यह भी कहा है कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को बनाए रखने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें और किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!