डलहौजी में ‘स्वच्छ जल-मन’ अभियान का चौथा चरण आयोजित, जल संरक्षण का दिया संदेश

डलहौजी में ‘स्वच्छ जल-मन’ अभियान का चौथा चरण आयोजित, जल संरक्षण का दिया संदेश

डलहौजी/ चम्बा 23 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

जल संरक्षण और स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संत निरंकारी मिशन द्वारा ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत ‘स्वच्छ जल-मन’ अभियान का चौथा चरण रविवार, 22 फरवरी को डलहौजी शाखा में आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम संत निरंकारी मिशन की ओर से सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन निर्देशानुसार देशभर में एक साथ संपन्न हुआ।डलहौजी ब्रांच के सेवादारों ने सन्त निरंकारी सत्संग भवन बनीखेत के आसपास तथा गोली क्षेत्र में स्थित विभिन्न जल स्रोतों की साफ-सफाई कर जल संरक्षण का व्यावहारिक संदेश दिया।

अभियान के दौरान जल स्त्रोतों से कूड़ा-करकट हटाकर स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प भी लिया गया।मीडिया सहायक अशोक चौहडिया ने बताया कि जल जीवन का मूल आधार है और यह अमृत के समान है। परमात्मा ने हमें जो स्वच्छ और सुंदर सृष्टि प्रदान की है, उसकी देखभाल करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि बाबा हरदेव सिंह जी की शिक्षाओं से प्रेरित यह पहल जल संरक्षण को सेवा-भाव और जीवनशैली से जोड़ने का संदेश देती है।शाखा प्रबंधक महात्मा एच.एस. गुलेरिया ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य समाज को जल के महत्व के प्रति जागरूक करना है। मिशन ने वर्ष 2023 में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से ‘प्रोजेक्ट अमृत’ की शुरुआत की थी। इस अभियान के माध्यम से नदियों, तालाबों और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण का व्यापक संदेश दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह पहल केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि युवा पीढ़ी को समाज कल्याण और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का सशक्त माध्यम भी है। अभियान समाज में सेवा, जागरूकता और समर्पण की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!