कृषि विज्ञान केंद्र चंबा के तत्वावधान में होगा आज से होगा ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ का आयोजन

चंबा, 29 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) चंबा के तत्वावधान में 29 मई आज से 12 जून तक जिले में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य किसानों को खरीफ सीजन के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों और उन्नत बीजों के प्रयोग की जानकारी प्रदान करना है।केंद्र के प्रभारी एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि इस अभियान में कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन विभागों सहित आत्मा परियोजना के विशेषज्ञ अधिकारियों की भागीदारी रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में जनजातीय विकासखंड पांगी को छोड़कर लगभग 200 गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए केवीके चंबा द्वारा तीन टीमों का गठन किया गया है। इनमें से एक टीम का नेतृत्व स्वयं डॉ. धर्मेन्द्र कुमार करेंगे, जबकि शेष दो टीमों का नेतृत्व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. केहर सिंह ठाकुर और वैज्ञानिक डॉ. सुशील धीमान करेंगे। ये टीमें किसानों से सीधा संवाद कर उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी देंगी।जागरूकता गतिविधियों की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए पंजुंगला (कीड़ी), वन वन्धु (मैहला), होली वैली (होली) जैसे किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) और सेवा, पहाड़, सुविधा जैसे स्थानीय गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) को भी अभियान में शामिल किया गया है।डॉ. धर्मेन्द्र कुमार ने जिले के सभी किसानों से अनुरोध किया है कि वे इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी कर नवीन कृषि तकनीकों का लाभ उठाएं और अपनी उत्पादकता में वृद्धि करें।