नशे के खिलाफ मुहिम के तहत तुन्नुहट्टी में युवक से 2.27 ग्राम चिट्टा बरामद, पुलिस ने गिरफ्तार कर मामला किया दर्ज

डलहौजी/चंबा, 11 जून मुकेश कुमार (गोल्डी )
जिला चंबा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत आज तुन्नुहट्टी चेक पोस्ट पर रोजमर्रा की तरह पुलिस द्वारा नाकाबंदी की गई। इस दौरान आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस को एक मोटरसाइकिल (HP 57-3284) सवार युवक पर शक हुआ, जिसे तलाशी हेतु रोका गया। युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और जल्दी में होने का बहाना करने लगा।

पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ के चलते जब युवक और उसके वाहन की गहनता से तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से कुल 2.27 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ पुलिस थाना चुवाड़ी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।गिरफ्तार युवक की पहचान जसवीर खारवाल पुत्र किशोर खारवाल, निवासी गांव घुसरी, डाकघर कटहार, जिला पश्चिम चंपारण, बिहार के रूप में हुई है। आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशीले पदार्थों की तस्करी में अकेला शामिल था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क है।

इस कार्रवाई की पुष्टि डीएसपी भटियात योगराज चंदेल ने की है। उन्होंने जानकारी दी कि आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। डीएसपी ने स्थानीय जनता से अपील की कि वे नशे के खिलाफ इस मुहिम में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।यह सफलता पुलिस की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और समाज को नशे से मुक्त करने की प्रतिबद्धता का परिणाम है।