प्रदेश में ई-मोबिलिटी को मिलेगी रफ्तार, एचआरटीसी बेड़े में शामिल होंगी 297 नई इलेक्ट्रिक बसें

प्रदेश में ई-मोबिलिटी को मिलेगी रफ्तार, एचआरटीसी बेड़े में शामिल होंगी 297 नई इलेक्ट्रिक बसें

ऊना, 06 जनवरी चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य में स्वच्छ, हरित और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी क्रम में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) को ई-मोबिलिटी की ओर सशक्त बनाने के उद्देश्य से निगम के बेड़े में 297 नई इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया जा रहा है। यह निर्णय न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा, बल्कि एचआरटीसी की आर्थिक सेहत को भी मजबूती प्रदान करेगा।उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत पहली प्रोटोटाइप इलेक्ट्रिक बस हैदराबाद से सोलन पहुंच चुकी है। आगामी दो दिनों के भीतर सोलन-शिमला मार्ग पर इस ई-बस का ट्रायल किया जाएगा।

ट्रायल के सफल रहने के उपरांत प्रदेश के अन्य प्रमुख मार्गों और एचआरटीसी के विभिन्न डिपुओं में चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक बसों के परीक्षण शुरू किए जाएंगे।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से जहां एक ओर वायु प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी, वहीं दूसरी ओर डीजल पर निर्भरता भी कम होगी। इससे न केवल पर्यावरण को लाभ मिलेगा, बल्कि ईंधन लागत में कमी आने से एचआरटीसी की परिचालन लागत भी घटेगी, जिससे निगम की आर्थिक स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी।उन्होंने यह भी कहा कि इलेक्ट्रिक बसें यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक, आधुनिक और विश्वसनीय परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने में सहायक सिद्ध होंगी।

शोर-रहित संचालन और बेहतर तकनीक के चलते यात्रियों को यात्रा के दौरान नया अनुभव प्राप्त होगा।उप मुख्यमंत्री ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश भर में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का भी तेजी से विकास किया जा रहा है। विभिन्न डिपुओं और चयनित स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल हिमाचल प्रदेश को स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!