काठगढ़ महादेव में महाशिवरात्रि महोत्सव के दूसरे दिन आस्था और संस्कृति का भव्य संगम

कांगडा/इंदौरा, 15 फरवरी मुकेश कुमार( गोल्डी)
कांगडा/इंदौरा, 15 फरवरी मुकेश कुमार( गोल्डी)
ऐतिहासिक काठगढ़ शिव मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय महाशिवरात्रि महोत्सव के दूसरे दिन शिव-भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक आस्था का भव्य दृश्य देखने को मिला। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और धार्मिक उल्लास ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि विधायक मलेंद्र राजन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि ने प्राचीन काठगढ़ महादेव के पावन धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ की ओर से अतिथियों को पारंपरिक पगड़ी और हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में आर.एस. बाली ने कहा कि महाशिवरात्रि जैसे पर्व हमारी सनातन संस्कृति, श्रद्धा और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने काठगढ़ महादेव से अपनी गहरी आस्था का उल्लेख करते हुए इसे एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक केंद्र बताया।

श्रद्धालुओं की भावनाओं को और सुदृढ़ करने के लिए उन्होंने काठगढ़ महादेव की आरती को लाइव प्रसारण से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाने की घोषणा की और पर्यटन विभाग को तीन दिनों में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।आर.एस. बाली ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा डमटाल में पर्यटन विभाग का होटल स्थापित करने की घोषणा की गई है, जिससे काठगढ़ सहित आसपास के धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

इसके साथ ही उन्होंने मंदिर सुधार सभा को एक लाख रुपये की सहायता राशि तथा लगभग 10 लाख रुपये की लागत से हाई-मास्ट लाइट लगाने की घोषणा की।विधायक मलेंद्र राजन ने काठगढ़ शिव मंदिर को देश-विदेश से आने वाले शिव-भक्तों की आस्था का केंद्र बताते हुए इसे पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने की बात कही। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।