समुदाय और विद्यालय के बेहतर सामंजस्य से GPS दरकोटी को तीसरी बार मिला बेस्ट SMC पुरस्कार

समुदाय और विद्यालय के बेहतर सामंजस्य से GPS दरकोटी को तीसरी बार मिला बेस्ट SMC पुरस्कार

चम्बा 12 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)

शिक्षा खंड कियानी, जिला चंबा के अंतर्गत आने वाले राजकीय प्राथमिक पाठशाला दरकोटी (GPS Darkoti) ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बेस्ट स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) पुरस्कार हासिल किया है। इस वर्ष विद्यालय को खंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। विशेष बात यह है कि लगातार दूसरी बार और कुल मिलाकर तीसरी बार विद्यालय को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है। इससे पहले भी विद्यालय एक बार प्रथम और एक बार तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दे चुका है।यह उपलब्धि विद्यालय प्रबंधन समिति, विद्यालय स्टाफ और स्थानीय समुदाय के सामूहिक प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

विद्यालय की SMC स्कूल के समग्र विकास, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा नामांकन बढ़ाने के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। इसके अलावा विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के आयोजन में भी समिति की महत्वपूर्ण भागीदारी रहती है।विद्यालय प्रभारी सुनील जरियाल ने बताया कि शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में ही विभाग द्वारा दिए गए गतिविधि कैलेंडर के अनुसार वार्षिक योजना तैयार की जाती है और इसे स्कूल प्रबंधन समिति के साथ साझा कर सामूहिक रूप से क्रियान्वित किया जाता है। विद्यालय में किचन गार्डन, हर्बल गार्डन, परिसर सौंदर्यीकरण, विद्यार्थियों के नामांकन अभियान, शिक्षा संवाद, मासिक बैठकों तथा विशेष दिवसों के आयोजन नियमित रूप से किए जाते हैं।

इन गतिविधियों में अभिभावक, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय समुदाय बढ़-चढ़कर सहयोग करते हैं।उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष विद्यालय ने जिला स्तर पर आपदा प्रबंधन गतिविधियों के कुशल संचालन में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया था। यह सफलता विद्यालय के प्रति समुदाय के विश्वास और निरंतर समर्पण का परिणाम है।विद्यालय प्रभारी सुनील जरियाल और सहयोगी अध्यापक दिनेश कुमार ने इस उपलब्धि के लिए स्कूल प्रबंधन समिति के सभी सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय समुदाय और शिक्षा विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

वहीं क्षेत्र के लोगों ने भी विद्यालय परिवार को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करने की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!