शिमला में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, पहले दिन 221 किशोरियों को लगी वैक्सीन

शिमला 29 मार्च चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला शिमला में आज ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का सफलतापूर्वक आगाज किया गया। इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव प्रदान करना है। अभियान के पहले दिन जिले भर में स्थापित 39 कोल्ड चेन पॉइंट्स (सीसीपी) के माध्यम से कुल 221 किशोरियों का टीकाकरण किया गया। वहीं पूरे हिमाचल प्रदेश में 336 केंद्रों पर 1992 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।
हालांकि, जिले के कई हिस्सों में खराब मौसम के कारण अपेक्षित संख्या में लाभार्थियों की उपस्थिति दर्ज नहीं हो सकी, जिससे अभियान की रफ्तार कुछ हद तक प्रभावित रही। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने अपनी सक्रियता और बेहतर समन्वय के चलते सभी टीकाकरण सत्रों का संचालन सुचारू रूप से सुनिश्चित किया। क्षेत्रीय स्वास्थ्य कर्मचारियों ने दूरदराज के इलाकों में भी पहुंचकर इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिमला के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशपाल रांटा ने अभिभावकों, शिक्षकों, स्वास्थ्य कर्मियों और सामुदायिक नेताओं से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य अभियान में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने में अत्यंत प्रभावी है, इसलिए सभी पात्र लाभार्थियों को इसका लाभ अवश्य उठाना चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस टीकाकरण अभियान के तहत 14 वर्ष से 15 वर्ष और 90 दिन आयु वर्ग की किशोरियां पात्र हैं। आगामी टीकाकरण सत्र 05 अप्रैल 2026 और 12 अप्रैल 2026 को आयोजित किए जाएंगे। विभाग ने सभी हितधारकों से आग्रह किया है कि वे इन तिथियों पर अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि जिले में शत-प्रतिशत कवरेज प्राप्त कर किशोरियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की जा सके।