बट्ट आईटीआई खुशनगरी के प्रशिक्षुओं को Godrej & Boyce Manufacturing Company Limited में ऑन जॉब ट्रेनिंग का अवसर

तीसा/ चुराह 28 फरवरी दिलीप सिंह ठाकुर
चुराह क्षेत्र के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में बट्ट प्राइवेट औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) खुशनगरी के प्रशिक्षुओं को देश की प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाई Godrej & Boyce Manufacturing Company Limited में ऑन जॉब ट्रेनिंग (ओजेटी) का अवसर प्राप्त हुआ है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पंजाब के SAS Nagar (Mohali) स्थित कंपनी के औद्योगिक परिसर में आयोजित किया जाएगा, जहां संस्थान के प्रशिक्षु एक माह तक व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।संस्थान के चेयरमैन Parvez Ali Batt ने जानकारी देते हुए बताया कि आईटीआई के द्वितीय वर्ष के चयनित छात्र 1 मार्च से 31 मार्च तक कंपनी में प्रशिक्षण लेंगे। इसके लिए प्रशिक्षु शनिवार को Chandigarh के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का औद्योगिक प्रशिक्षण छात्रों के तकनीकी ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने में बेहद सहायक होता है।उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को आधुनिक मशीनरी, उत्पादन प्रणाली, गुणवत्ता नियंत्रण प्रक्रिया और औद्योगिक कार्य संस्कृति के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त होगी।

इससे छात्रों के तकनीकी कौशल में निखार आएगा और उन्हें उद्योगों में कार्य करने का वास्तविक अनुभव भी मिलेगा।बट्ट ने कहा कि किसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की कंपनी में एक माह का व्यावहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनके भविष्य के रोजगार अवसरों को भी मजबूत करता है। इससे छात्रों को उद्योगों की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलता है, जो उनके करियर निर्माण में सहायक साबित होगा।उल्लेखनीय है कि चुराह जैसे दूरस्थ क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर की कंपनी में प्रशिक्षण का अवसर मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात मानी जा रही है। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने संस्थान प्रबंधन के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है।संस्थान प्रबंधन ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में भी उद्योगों के साथ इस प्रकार के सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।