डलहौजी के बाथरी गांव में 12 जून को होगा “विकसित कृषि संकल्प अभियान”, सांसद और विधायक रहेंगे उपस्थित

डलहौजी के बाथरी गांव में 12 जून को होगा “विकसित कृषि संकल्प अभियान”, सांसद और विधायक रहेंगे उपस्थित

डलहौजी/ चम्बा 10 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

कृषि विज्ञान केंद्र सरू चंबा द्वारा 12 जून को डलहौजी उपमंडल के बाथरी गांव में “विकसित कृषि संकल्प अभियान” के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से सांसद राजीव भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डी.एस. ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।

कृषि विज्ञान केंद्र चंबा के प्रभारी एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि यह कार्यक्रम 29 मई से 12 जून तक ज़िले भर में चलाए जा रहे “विकसित कृषि संकल्प अभियान” का हिस्सा है। अभियान का उद्देश्य किसानों को खरीफ फसलों की खेती में आधुनिक तकनीकों और उन्नत बीजों के उपयोग के प्रति जागरूक करना है।

डॉ. कुमार ने बताया कि इस अभियान के दौरान कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं आत्मा परियोजना जैसे विभागों के विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा किसानों को मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। अब तक लगभग 400 गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिसमें जनजातीय विकासखंड पांगी को छोड़कर अन्य क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

अभियान के प्रभावी संचालन के लिए तीन विशेष दलों का गठन किया गया है, जिन्होंने अब तक करीब 10,000 किसानों से सीधा संवाद कर उन्हें विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी है। कार्यक्रम में किसानों को कृषि से जुड़ी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

विधायक डी.एस. ठाकुर ने क्षेत्र के किसानों, बागवानों एवं पशुपालकों से अपील की है कि वे 12 जून को बाथरी गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में भाग लें और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!