सुरक्षित पेयजल उपलब्धता पर जोर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की जिला जल एवं स्वच्छता मिशन बैठक की अध्यक्षता

चंबा 06 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला में सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेयजल की गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा भी की गई।बैठक के दौरान फील्ड टेस्ट किट्स के माध्यम से पानी के नमूनों की जांच की प्रगति, जल शक्ति विभाग की प्रयोगशालाओं में सैंपल टेस्टिंग की स्थिति तथा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे सैनिटरी सर्वे के कार्यों का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए फील्ड टेस्ट किट्स के माध्यम से पानी के नमूनों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि समय-समय पर जल गुणवत्ता की निगरानी की जा सके और किसी भी प्रकार की समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके।उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इसके लिए आवश्यक है कि जल स्रोतों की नियमित निगरानी की जाए तथा प्रयोगशालाओं में पानी के नमूनों की जांच प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए कि सैंपल परीक्षण की प्रक्रिया को तेज करते हुए गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए।इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने सैनिटरी सर्वे के कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ संभावित प्रदूषण को भी रोका जा सके।बैठक में अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग जितेंद्र शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जिले में लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।