पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज डरोह में हेड कांस्टेबल निलंबित, महिला प्रशिक्षु को अश्लील मैसेज भेजने का आरोप

पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज डरोह में हेड कांस्टेबल निलंबित, महिला प्रशिक्षु को अश्लील मैसेज भेजने का आरोप

कांगडा 25 फरवरी चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज डरोह में प्रशिक्षण ले रही एक महिला प्रशिक्षु कांस्टेबल को अश्लील संदेश भेजने के आरोप में उसी संस्थान में तैनात एक हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई सौम्या सांबशिवन के निर्देश पर की गई। शिकायत सामने आने के बाद डीआईजी उत्तरी रेंज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी हेड कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए तथा पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं।सूत्रों के मुताबिक महिला प्रशिक्षु कांस्टेबल ने करीब पांच दिन पहले डीआईजी नॉर्थ रेंज को लिखित शिकायत सौंपी थी। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज में तैनात हेड कांस्टेबल लगातार उसे व्हाट्सएप के माध्यम से आपत्तिजनक और अश्लील संदेश भेज रहा था।

प्रशिक्षु ने यह भी बताया कि इन संदेशों के कारण वह मानसिक रूप से परेशान हो गई थी।शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रारंभिक स्तर पर मामले की जांच की। प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर पाए जाने पर विभाग ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए आरोपी हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सभी तथ्यों और साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल की जाएगी। यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो संबंधित हेड कांस्टेबल के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्यस्थल पर महिला कर्मियों की गरिमा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस तरह के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!