डलहौज़ी में 7 दिवसीय युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण का समापन, 55 युवाओं को मिला आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

डलहौज़ी में 7 दिवसीय युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण का समापन, 55 युवाओं को मिला आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

डलहौजी/ चम्बा 13 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौज़ी स्थित युवा आवास में आयोजित 7 दिवसीय युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर डीएसपी डलहौज़ी मयंक शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके युवा आपदा मित्रों को सम्मानित किया तथा उन्हें समाज और जिले की सेवा के लिए प्रेरित किया।मुख्य अतिथि डीएसपी मयंक शर्मा ने अपने संबोधन में युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे समाज को कमजोर करता है। उन्होंने आपदा प्रबंधन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रशिक्षित युवा आपदा मित्र आपदा के समय प्रथम प्रतिक्रिया देने, लोगों की जान-माल की रक्षा करने और समाज में जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।कार्यक्रम में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) चम्बा से सुमित गुप्ता और युवा हॉस्टल डलहौज़ी के मैनेजर देवेंद्र शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया और इस प्रकार के प्रशिक्षण को युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।समारोह में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र चम्बा से भार्गव ने प्रतिभागियों को आपदा के दौरान अपनाई जाने वाली तकनीकी प्रक्रियाओं, संचार व्यवस्था तथा ग्राउंड-लेवल रिस्पॉन्स सिस्टम की विस्तृत जानकारी दी।

इस 7 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव तकनीक, आग बुझाने की विधियाँ, आपदा के समय मानसिक संतुलन बनाए रखने, संचार व्यवस्था तथा समुदाय आधारित आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में डिग्री कॉलेज चम्बा और डिग्री कॉलेज चुवाड़ी के कुल 55 प्रतिभागियों ने भाग लिया।कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने प्रशिक्षित युवा आपदा मित्रों को भविष्य में समाज एवं जिले की सेवा के लिए शुभकामनाएँ दीं और आशा व्यक्त की कि ये युवा आपदा के समय एक मजबूत सहायक शक्ति के रूप में कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!