अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव में संकन गार्डन में सजी शास्त्रीय संगीत, नृत्य एवं वादन संध्या

अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव में संकन गार्डन में सजी शास्त्रीय संगीत, नृत्य एवं वादन संध्या

मंडी 10 फरवरी चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

अंतरराष्ट्रीय महाशिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य पर मंडी के ऐतिहासिक संकन गार्डन के खुले मंच पर शास्त्रीय संगीत, नृत्य एवं वादन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। रंगीन रोशनियों, घुंघरुओं की मधुर झंकार और शास्त्रीय संगीत की स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं सुरमय बना दिया।इस सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय और उभरते कलाकारों ने अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में स्वर कोकिला के नाम से विख्यात शुक्ला शर्मा ने अपनी सुमधुर गायकी से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। सरोद वादक एवं संगीतज्ञ दीपक गौतम की वादन प्रस्तुति ने शास्त्रीय संगीत प्रेमियों की खूब प्रशंसा बटोरी।

हिमाचल प्रदेश के प्रथम पुरुष कथक स्नातक दिनेश गुप्ता ने कथक नृत्य के माध्यम से ताल, लय और भाव का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।वल्लभ राजकीय महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक (संगीत) अनुपमा सहित विशेष सिंह, ईशा कुमारी, जितेन्द्र, उमा, नरेश, संतोष गुप्ता, अमरजीत, संजय पुजारी और अनिल कुमार सोनी ने भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को ऊंचाइयों तक पहुंचाया। इसके अलावा संगीत सदन, नृत्य तपस और डांस अकादमी के कलाकारों ने मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संध्या को यादगार बना दिया।कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत 11 फरवरी को सायं 6 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्तिमय प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराई जाएगी।इस अवसर पर डॉ. मनु गुप्ता (आईएएस प्रोबेशनर), उप निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क मंजुला कुमारी, जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी, साहित्यकार दिनेश धर्मपाल, जगदीश कपूर, रूप उपाध्याय, उमेश गौतम, रुपेश्वरी शर्मा, चंपा शर्मा, मुरारी शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!