अल्टरनेरिया एवं मार्मोनिना लीफ ब्लॉच रोगों को लेकर केवीके चम्बा का 7 दिवसीय जिला स्तरीय जागरूकता अभियान शुरू

अल्टरनेरिया एवं मार्मोनिना लीफ ब्लॉच रोगों को लेकर केवीके चम्बा का 7 दिवसीय जिला स्तरीय जागरूकता अभियान शुरू

चंबा 10 फरवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

कृषि विज्ञान केंद्र (के.वी.के.) चम्बा द्वारा जिले में फसलों को रोगों से बचाने तथा किसानों को वैज्ञानिक जानकारी से सशक्त बनाने के उद्देश्य से अल्टरनेरिया एवं मार्मोनिना लीफ ब्लॉच रोगों पर जिला स्तरीय 7 दिवसीय जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान विशेष रूप से सेब की फसल को प्रभावित करने वाले पत्ती रोगों के प्रति किसानों को सतर्क और जागरूक करने के लिए चलाया जा रहा है।अभियान की इसी कड़ी में कृषि विज्ञान केंद्र चम्बा द्वारा बागवानी विभाग चम्बा के सहयोग से विकास खंड भरमौर के ग्राम पनसेई एवं खणी में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के सेब उत्पादक किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और रोग प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।कार्यक्रम के दौरान केवीके चम्बा के विशेषज्ञ डॉ. सुशील धीमान ने सेब की फसल में होने वाले अल्टरनेरिया एवं मार्मोनिना लीफ ब्लॉच रोगों के लक्षण, उनके कारण तथा फसल पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन रोगों के कारण पत्तियों का समय से पहले झड़ना, प्रकाश संश्लेषण में कमी और अंततः उत्पादन में गिरावट देखी जाती है।डॉ. धीमान ने किसानों को रोगों से होने वाली क्षति को कम करने के लिए समय पर निवारक उपाय अपनाने की सलाह दी तथा डॉ. वाई.एस. परमार यूनिवर्सिटी ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री, नौणी द्वारा अनुशंसित छिड़काव कार्यक्रम का कड़ाई से पालन करने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संतुलित पोषण और स्वस्थ मिट्टी फसल की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में सहायक होती है।कार्यक्रम के अंत में किसानों को फसल प्रबंधन से संबंधित नवीन तकनीकी जानकारियों एवं अनुशंसाओं के लिए कृषि विज्ञान केंद्र चम्बा से नियमित संपर्क बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि फसल उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ सतत कृषि को भी बढ़ावा दिया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!